श्मशान घाट मार्ग निर्माण: AAP के प्रयास से सरयू श्मशान घाट मार्ग का निर्माण शुरू, जिलाध्यक्ष ने जताया आभार

Spread the love

श्मशान घाट मार्ग निर्माण: संजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद सरयू श्मशान घाट मार्ग का निर्माण शुरू, निर्माण न शुरू होने पर अनशन की दी थी चेतावनी 

अयोध्या। आम आदमी पार्टी (AAP) अयोध्या के लगातार प्रयास और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद सरयू घाट के किनारे स्थित श्मशान घाट की ओर जाने वाली जर्जर सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। सड़क निर्माण शुरू होने से लंबे समय से परेशानी झेल रहे स्थानीय लोगों और अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

आम आदमी पार्टी अयोध्या के जिला अध्यक्ष अनिल प्रजापति ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। सड़क की खराब हालत के कारण श्मशान घाट तक पहुंचने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

अनिल प्रजापति ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रशासन के समक्ष उठाया। पार्टी की ओर से सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की गई और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी इस मामले में हस्तक्षेप किया।

उन्होंने कहा कि सांसद संजय सिंह के प्रयास और आम आदमी पार्टी अयोध्या की पहल का परिणाम है कि अब इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क का निर्माण जल्द पूरा होगा, जिससे लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है। श्मशान घाट जैसे संवेदनशील स्थान तक बेहतर और सुगम मार्ग उपलब्ध होना आम नागरिकों के सम्मान और सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभाग का आभार है। आम आदमी पार्टी आगे भी अयोध्या की जनता से जुड़े जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
अनिल प्रजापति ने कहा, “जनता की आवाज उठाई, प्रशासन तक बात पहुंचाई और आज सड़क का काम शुरू हुआ। हमें विश्वास है कि जल्द ही यह सड़क बनकर तैयार होगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।”

अनशन की दी गई थी चेतावनी

बता दें कि सरयू घाट के किनारे स्थित श्मशान घाट तक जाने वाली जर्जर सड़क का निर्माण शुरू न होने को लेकर आम आदमी पार्टी और सांसद संजय सिंह की ओर से आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। पार्टी ने सड़क निर्माण शुरू न होने की स्थिति में अनशन करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी राहत की उम्मीद जगी है।


Spread the love

Related posts