NH-27 पर भीषण हादसा: 28 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, कई घायल
अयोध्या। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के मखवापुर के पास NH-27 हाईवे पर बुधवार सुबह करीब छह बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। लखीमपुर खीरी से अयोध्या दर्शन के लिए आ रहे 28 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक विकास वर्मा (27) समेत कई श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना मिलते ही PRV-112 की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए CHC रुदौली पहुंचाया गया।
वहीं, भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली और डीसीएम को सड़क से हटवाया। हादसे के कारण NH-27 पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। वाहनों को हटाए जाने के बाद यातायात सुचारू करा दिया गया।
