सावन मेला 2026: अयोध्या में सावन मेले की तैयारियां तेज, तीसरे सोमवार के लिए कांवड़ यात्रा का रूट फाइनल

Spread the love

सावन मेला 2026: अयोध्या में सावन मेले की तैयारियां तेज, तीसरे सोमवार के लिए कांवड़ यात्रा का रूट फाइनल

अयोध्या। सावन माह की शुरुआत के साथ ही रामनगरी अयोध्या में एक महीने तक चलने वाले भव्य सावन मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कमिश्नर राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने राम की पैड़ी और नया घाट क्षेत्र का निरीक्षण किया।

तीसरे और अंतिम सावन सोमवार को संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कांवड़ यात्रा का रूट फाइनल कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में अतिरिक्त शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है, वहीं महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की संख्या भी बढ़ाई गई है।

कांवड़ मार्ग को समतल करने का कार्य कराया जा रहा है, ताकि ऊंचे-नीचे रास्तों के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मेला क्षेत्र में पानी, बिजली और शुद्ध पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। बारिश के दौरान फिसलन से बचाव के लिए प्रमुख मार्गों पर बालू डाली जाएगी और मंदिरों के आसपास जूट मैटिंग बिछाई जाएगी।
सरयू नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस तैनात रहेगी। सुरक्षित स्नान क्षेत्र निर्धारित करने के लिए फ्लोटिंग बैरियर भी लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु प्रतिबंधित और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में न जा सकें।
सावन मेला एटीएस, एसटीएफ और अतिरिक्त 12 कंपनी पीएसी की कड़ी निगरानी में संपन्न होगा। अधिक भीड़ वाले दिनों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।

इस बार सावन मेले का सबसे बड़ा आकर्षण पहली बार राम मंदिर से भगवान श्रीराम की पालकी का मणि पर्वत तक जाना होगा। यहां भगवान श्रीराम झूला उत्सव में विराजमान होंगे, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।


Spread the love

Related posts