
राम मंदिर चढ़ावा विवाद: कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने सौंपा ज्ञापन
अयोध्या। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर जिला कांग्रेस भी राम मंदिर के दान चढ़ावा के चर्चित प्रकरण में सामने आई है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करते हुए प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज करवा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में बुधवार को ज्ञापन सौंपा है।
पार्टी के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में जिला कांग्रेस एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की मांग है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामधन, दान, चढ़ावा से संबंधित कथित अनियमितता की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके लिए एफआईआर दर्ज करवा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
इसके पूर्व रिकाबगंज स्थित पार्टी कार्यालय कमला नेहरू भवन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चेत नारायण सिंह ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यदि मंदिर के धन के दुरुपयोग अथवा अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती हैं तो उनकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने प्रकरण में तत्काल एफआईआर दर्ज करवा निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। साथ ही जांच की प्रक्रिया और निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाने चाहिए कि बात कही,जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आवश्यकता जताई। कहा कि यदि किसी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में पीसीसी सदस्य राम अवध पासी,उग्रसेन मिश्रा,पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, हरजीत सिंह सलूजा, व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, अशोक कनौजिया, बृजेश रावत, पूर्व पार्षद जनार्दन मिश्रा, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, पंकज सिंह, धीरेंद्र सिंह बबलू, कवींद्र साहनी, राजकुमार पांडेय, वाजिद अली, मो आमिर आदि उपस्थित रहे।
