
Political News: सम्मेलन में पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं को बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई बसपा की सदस्यता
सपा का PDA फार्मूला सिर्फ चुनावी जुमला: प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल
बीकापुर। अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए बहुजन समाज पार्टी ने अयोध्या जिले की बीकापुर विधानसभा से चुनावी हुंकार भरी।
विधानसभा क्षेत्र के जलालपुर मैदान में सोमवार को आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया।

इस दौरान मैदान पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं से खचाखच भर गया और ‘जय भीम, जय बसपा’ के नारे गूंजते रहे। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “सपा का PDA फॉर्मूला सिर्फ चुनावी जुमला है। ये जनता को बांटने और गुमराह करने का छलावा है। बहन मायावती के नेतृत्व में बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सर्व समाज को सम्मान, सुरक्षा और हिस्सेदारी देती है।

पाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा पेपर लीक मामले में सरकार फेल हो गई और छात्रों के साथ खिलवाड़ किया। बहुजन समाज पार्टी सर्व समाज का विश्वास एक बार फिर बसपा के साथ है और हम मिलकर प्रदेश में सरकार बनाएंगे। जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार पासी ने कहा कि बीकापुर से बसपा की वापसी की शुरुआत हो चुकी है।
मंच पर सर्व समाज की तस्वीर उस समय साफ दिखाई देने लगी जब मोहम्मद मुस्लिम शेख, दयानंद दुबे, शुभम ओझा, रविंद्र भारती, अरुण भारती, भोला शंकर शुक्ला समेत सभी वर्गों के नेता एक साथ मंच पर नजर आए। बसपा नेताओं ने इसे ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति की जीत बताया। इसी को लेकर करीब 3 घंटे चले इस सम्मेलन से बसपा ने 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। जितेंद्र सिंह बबलू जैसे कद्दावर नेता का साथ और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर साफ है कि बसपा बीकापुर सीट को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना रही है।
बीकापुर में बदलेगा सियासत का समीकरण
सम्मेलन का सबसे बड़ा आकर्षण बबलू के बसपा में आने से बीकापुर की सियासत का समीकरण बदलता दिख रहा है। क्षेत्र में बबलू की मजबूत पकड़ और सर्व समाज में स्वीकार्यता को बसपा 2027 के विधानसभा चुनाव में भुनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
कईयों ने की बसपा की सदस्यता
भाजपा-सपा को बड़ा झटका लगा है क्योंकि सोमवार को सैकड़ों लोगों ने बसपा सदस्यता ले ली है। जब सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दोनों दलों को छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया। नए शामिल हुए कार्यकर्ताओं को मंच से माला पहनाकर और पार्टी का गमछा देकर सदस्यता दिलाई गई।

रैली में विशालकाय हाथी रहा आकर्षण का केंद्र
बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी ने अपनी संगठनात्मक ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने सम्मेलन को सफल बनाया। कार्यक्रम स्थल पर लगाया गया विशाल हाथी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसके साथ लोगों ने तस्वीरें खिंचवाईं। सम्मेलन में आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भी देखने को मिला।

