
मुहर्रम 2026: बड़ी संख्या में अजादारों ने पेश किया आंसुओं का पुरसा
अयोध्या। नगर की ऐतिहासिक गुलाबबाड़ी और हसनू कटरा इलाकों में हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के भतीजे हजरत क़ासिम की याद में शाही मेहंदी का जुलूस बड़े ही सम्मान और धार्मिक जज्बे के साथ निकाला गया। यह जुलूस शोहदाए-ए-कर्बला की याद में करबला की घटनाओं को ताज़ा करते हुए निकाला गया, जिसमें अहले बैत के अजादार बड़ी संख्या में शामिल हुए।
गुलाबबाड़ी में हजरत क़ासिम की याद में शाही मेहंदी का जुलूस अंजुमन मासूमिया, अंजुमन बज़्मे नसीरिया, अंजुमन आबिदिया और अंजुमन ए गुंचा ए मज़लूमिया के संयुक्त तत्वावधान में निकाला गया। जुलूस इमामबाड़े पर समाप्त हुआ। जुलूस के बाद मजलिस को डाॅ प्रो मिर्जा शहाब शाह ने खिताब किया। इस जुलूस में मुनीर अब्दी, अरशद, हसन इक़बाल, सेक्रेटरी जियो हैदर, सदर कामिल हसनैन सहित बड़ी संख्या में अहले बैत के मुहिब्बीन शामिल रहे।

हसनू कटरा में मेहंदी का जुलूस अंजुमन बज़्मे नसीरिया, अंजुमन नासिरिया कदीम, अंजुमन हैदरिया, अंजुमन हुसैनिया, अंजुमन गुंच ए मज़लूमिया और अंजुमन मासूमिया के सदस्यों ने मिलकर निकाला। जुलूस में नौहाख्वानी का सिलसिला भी चला।
यह जुलूस बानी खानम के मकबरा बेगमगंज गढ़िया से शुरू होकर हसनू कटरा चौराहा, हनीफ चौधरी के निवास पर पहुंचा। इससे पहले मरहूम सादिक हुसैन के घर से आलम का जुलूस निकालकर बानी खानम मकबरा पहुंचा गया, जहां से मेहंदी जुलूस की शुरुआत हुई।
यह जुलूस रात 10:00 बजे शुरू होकर रात 1:30 बजे समाप्त हुआ। जुलूस कमेटी शोहदाए कर्बला के बैनर तले निकाला गया। कमेटी के सदर मौलाना जफर अब्बास कुम्मी के नेतृत्व में यह जुलूस संपन्न हुआ। जुलूस में विशेष रूप से जाकिर हुसैन, नजमी, ताबिश मिर्ज़ा, शायर अहले बैत शबाब फैजाबादी, बाबू, हैदर अब्बास, कमर माहेरी समेत बड़ी संख्या में अजादार शामिल रहे।
