
अयोध्या। उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने रविवार सायंकाल अयोध्या के पूरा बाजार क्षेत्र स्थित विलहरी में प्राचीन चक्रवर्ती सम्राट राजा दशरथ के समाधि स्थल पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने समाधि परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को नमन किया।
समाधि स्थल के महंत संदीप दास ने अपर्णा यादव का स्वागत करते हुए उन्हें स्थल के इतिहास, पौराणिक महत्व और यहां से जुड़ी मान्यताओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह स्थान भगवान श्रीराम के पिता महाराजा दशरथ की स्मृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है। महंत ने यह भी बताया कि परिसर में स्थित प्राचीन बरगद के वृक्ष के नीचे शनिवार के दिन सरसों के तेल का दीपक जलाने से भगवान शनिदेव की विशेष कृपा प्राप्त होने की मान्यता है। इस परंपरा को आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु निभाते हैं।
जानकारी मिलने के बाद अपर्णा यादव ने स्वयं बरगद के वृक्ष के नीचे दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि अयोध्या केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और विरासत की अमूल्य धरोहर भी है। राजा दशरथ समाधि स्थल का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत विशेष है।
अपर्णा यादव ने कहा कि ऐसे पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की पहल से आने वाले समय में यह स्थल धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में और अधिक विकसित होगा। इस अवसर पर स्थानीय संत-महंत, श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

