
कुमारगंज कृषि विवि: पहले भी दो छात्रों का इसी तरह लटका मिला था शव, कुलपति ने दिया काउंसलिंग का निर्देश
अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में फिर एक छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला है। पहले भी इस तरह की दो घटनाएं प्रकाश में आ चुकी है। मामले की जानकारी के बाद नवागत कुलपति ने प्रशासन को छात्रों की काउंसलिंग कराने का निर्देश जारी किया है।
मृतक आकाश सोनकर (19 वर्ष) पुत्र अवधेश सोनकर निवासी थाना घोसी, जनपद मऊ कृषि विश्वविद्यालय के कालिंदी छात्रावास के कमरा नंबर 59 में रहकर वेटनरी की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर साथी छात्रों को आशंका हुई तो उन्होंने माजरा जानने की कोशिश की। आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर कमरे का दरवाजा तोड़वाया गया तो छात्र अपने कमरे में बेडशीट के फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला।

तत्काल मामले की खबर विश्वविद्यालय प्रशासन और कुमारगंज पुलिस को दी गई तो पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल शुरू की। एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पीयूष भी मौके पर पहुंच गए और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला साक्ष्य संकलन कराया तथा फोन कर छात्र के परिजनो को बुलवाया।
परीक्षा के दबाव में आत्महत्या की आशंका
विश्वविद्यालय के साथी छात्रों ने बताया कि वर्तमान में परीक्षा चल रही है। वह पढ़ाई और अपने भविष्य को लेकर मानसिक दबाव में नजर आ रहा था,जिसके कारण तनाव में था। संभव है कि इसी कारण आत्महत्या कर ली हो। हालांकि पुलिस अभी किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
मानसिक काउंसलिंग के निर्देश
पिछले दो वर्षों में विश्वविद्यालय परिसर में आत्महत्या की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। इसको लेकर मामले की जानकारी पर नवागत कुलपति ज्ञानेंद्र प्रताप सिंग ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर नियमित काउंसलिंग सत्र आयोजित कराने का निर्देश दिया है। जिससे भविष्य में मानसिक तनाव अथवा अवसाद को लेकर होने वाली ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
क्षेत्राधिकारी पीयूष ने बताया कि मृतक छात्र के परिजन यहां पहुंच गए हैं । मौत की वजह की जानकारी के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
