
रिपोर्ट: राजेश अंगियार
गोसाईगंज, अयोध्या। गोसाईगंज कस्बे के दक्षिणी बाईपास स्थित भीटी पुल के पास शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद बिजली के पोल से जा भिड़ी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एयरबैग खुल जाने से चालक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार अयोध्या से अंबेडकरनगर की ओर जा रहे रजनीश निवासी भिउरा, थाना अहरौली, अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार करते हुए बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल उखड़कर कार के ऊपर गिर पड़ा।
हादसे में कार सवार रजनीश के हाथ-पैर में हल्की चोटें और खरोंचें आईं।
सूचना पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज सुरेंद्र यादव व अनुराग राठौर ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त पोल और कार को सड़क से हटवाया तथा घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।

