Ayodhya News: सेल्फी का शौक युवक पर पड़ा भारी, लापरवाही ने ली जान 

Spread the love

  •  गंगा दशहरा पर सुरक्षा जेटी पर खड़ा हो ले रहा था सेल्फी, लड़खड़ाया और सरयू में डूबकर हुई मौत

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में गंगा दशहरा पर मंगलवार को सेल्फी का शौक एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। सरयू नदी में स्नान के दौरान सुरक्षा जेटी पर खड़ा होने के बाद सेल्फी लेने के दौरान एक युवक ने अपना संतुलन खो दिया और सरयू नदी में गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना के बाद युवक सरयू के गहरे पानी में चला गया और देखते देखते डूब गया।

मामले की खबर पर सक्रिय जल पुलिस ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। मशक्कत के बाद सरयू में डूबे युवक को नदी से निकाला और उपचार के लिए श्रीराम अस्पताल पहुंचाया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बस्ती पैकोलिया थाना क्षेत्र निवासी आदर्श सिंह  (20) के रूप में हुई है। जल पुलिस प्रभारी रूबे प्रताप मौर्य ने बताया कि घटना मंगलवार की सुबह लगभग 4:30 बजे की है। घटनाक्रम के मुताबिक युवक स्नान के बाद सरयू नदी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गहरे पानी में जाने से रोकने और सुरक्षित स्नान उपलब्ध कराने के लिए घाट पर लगाई गई प्लास्टिक की जेटी के ऊपर खड़े होकर सेल्फी लेने लगा। इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गया।

जल पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और अन्य टीम की मदद से उसको सुबह लगभग 6:30 बजे उसे नदी से बाहर निकाल लिया। हालांकि उसकी जान को बचाया नहीं जा सका। मामले की सूचना मृतक के परिजनों को भिजवाई गई है। वहीं श्री राम अस्पताल प्रशासन के मेमो पर रामजन्मभूमि थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए विधिक कार्रवाई शुरू कराई है।


Spread the love

Related posts