अयोध्या। साइबर ठगों ने निवेश पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से 15.69 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले की शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाका क्षेत्र निवासी कृष्ण कुमार सिंह के व्हाट्सएप पर 15 फरवरी को एक इनवेस्टमेंट प्लान का संदेश आया। संदेश में कम समय में अधिक लाभ का दावा किया गया था। इसके बाद उन्होंने फोन और चैट के जरिए संपर्क किया। ठगों ने उन्हें आकर्षक निवेश योजना बताकर भरोसे में ले लिया।
पीड़ित ने अलग-अलग तिथियों में कई खातों में रकम भेजनी शुरू कर दी। 15 फरवरी को 30 हजार रुपये, 18 फरवरी को 50 हजार रुपये, 24 फरवरी को 90 हजार और 10 हजार रुपये, 25 फरवरी को पांच लाख रुपये, 27 फरवरी को 45 हजार रुपये, 4 मार्च को 85 हजार रुपये तथा 25 मार्च को 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा 30 अप्रैल को 2.24 लाख रुपये और 30 हजार रुपये भी जमा कराए गए। बेटे के खाते से भी 49 हजार और 30 हजार रुपये भेजे गए।
जब निवेश की रकम वापस मांगने पर संबंधित लोग आनाकानी करने लगे तो कृष्ण कुमार सिंह को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस लोगों से अनजान निवेश योजनाओं और लालच देने वाले ऑनलाइन संदेशों से सतर्क रहने की अपील कर रही है।

