Police Inspector Death: थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह की संदिग्ध मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

Spread the love

फाइल फोटो मृतक

Police Inspector Death: थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह की संदिग्ध मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

फंदे से लटके मिले वाल्टरगंज बस्ती के थाना प्रभारी, जिला मुख्यालय स्थित सरकारी आवास की घटना 

बस्ती। शनिवार को वाल्टरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव जिला मुख्यालय पर सदर कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट परिसर के पास स्थित उनके सरकारी आवास के कमरे में फंदे से लटका मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच जांच पड़ताल में जुट गए हैं।अभी तक किसी सुसाइड नोट के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कलेक्ट्रेट के पास सरकारी आवास में मिला शव

बताया गया कि सूर्य प्रकाश सिंह कलेक्ट्रेट परिसर के समीप स्थित सरकारी आवास में रहते थे। शनिवार को उनके कमरे में उनका शव फंदे से लटका पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों की जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिससे मौत की वजह स्पष्ट हो सके। इसके अलावा पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों,उपलब्ध साक्ष्यों और मृतक थाना प्रभारी के निजी तथा थाने के सीयूजी मोबाइल फोन और उसके कॉल डिटेल की पड़ताल में जुट गई है।फिलहाल पुलिस की ओर से मौत के पीछे किसी विशेष कारण, दबाव या विवाद की पुष्टि नहीं की गई है।

अभी पत्नी हंता को गिरफ्तार कर भेजा था जेल 

वाल्टरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने तीन दिन पूर्व थाना क्षेत्र के बहेरिया गांव में पत्नी की हत्या के मामले में फरार आरोपी फूलचंद्र को गिरफ्तार किया था। वहीं जून माह में वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में हुई हत्या के एक मामले का स्वाट और सर्विलांस टीम के सहयोग से 48 घंटे के भीतर खुलासा किया था। जबकि सूर्य प्रकाश सिंह ने गोवध से जुड़े एक मामले में गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

विभिन्न पहलुओं की हो रही पड़ताल

थाना प्रभारी का फंदे से लटका शव पाए जाने के इस मामले में पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। कोशिश यह जाने की है कि आखिर मौत की वास्तविक वजह क्या थी? क्या यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति जिम्मेदार है? क्या घटना से पहले वह किसी दबाव या तनाव में थे?


Spread the love

Related posts