
Ayodhya News : छात्र के निधन की खबर पर कालेज प्रशासन ने शोक सभा कर छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
अयोध्या। जनपद में दिमागी बुखार से देव विद्यालय इण्टर कॉलेज तरौली के एक छात्र की मौत हो गई। उसका आरडीएमसी में इलाज चल रहा था। छात्र के निधन की खबर पर कालेज प्रशासन ने शोक सभा कर छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
बताया गया कि पुराकलंदर थाना क्षेत्र के खानपुर का रहने वाला समर शर्मा देव विद्यालय इण्टर कॉलेज तरौली में कक्षा छह का विद्यार्थी था।जानकारी के मुताबिक तीन दिन पूर्व समर को दिमागी बुखार (Encephalitis) हुआ था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज,दर्शननगर में भर्ती कराया था,जहाँ उसका इलाज चल रहा था। बुधवार को मध्यरात्रि बाद छात्र की तबियत अचानक अधिक बिगड़ गई और इलाज के दौरान भोर लगभग साढ़े तीन बजे उसकी मौत हो गई।
देव विद्यालय इण्टर कॉलेज तरौली के संस्कृत प्रवक्ता श्री प्रकाश पाठक ने बताया कि समर एक मेधावी, मिलनसार और प्रतिभाशाली छात्र था। वह विद्यालय में होने वाली वाद-विवाद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं समस्त पाठ्य सहगामी क्रियाओं में बढ़-चढ़कर सक्रियता के साथ भाग लेता था। उसके निधन की सूचना पर कालेज में एक शोक सभा का आयोजन कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई। इसके बाद प्रधानाचार्य,शिक्षकों और छात्रों ने घर पहुंच शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
