
कांवड़ यात्रा 2026: बोल बम की गूंज से गूंजा जाना बाजार, कंधों पर जल लेकर अयोध्या को रवाना हुए शिवभक्त
बीकापुर, अयोध्या। सावन के रंग में सराबोर रविवार की दोपहर जाना बाजार पूरी तरह शिवमय हो गया। “बोल बम, हर-हर महादेव” के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच जय भोलेनाथ कांवरिया संघ का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ।

कंधे पर कांवड़, हाथों में भगवा ध्वज और चेहरे पर आस्था का तेज लिए सैकड़ों श्रद्धालु पुलिस सुरक्षा के बीच पैदल चल पड़े। विदाई के समय पूरा बाजार श्रद्धालुओं को देखने उमड़ पड़ा। लोगों ने फूल बरसाकर और “बोल बम” के नारों से जत्थे का उत्साह बढ़ाया।
जत्थे को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद कुमार वर्मा, पूर्व प्रधान विजय कुमार, शेर बहादुर, अधिवक्ता अरुण तिवारी, अनुभव सिंह, युवराज यादव, शैलेश अग्रहरि और मन्नू मोदनवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भगवा ध्वज दिखाकर रवाना किया।संघ के अध्यक्ष सुभाष तिवारी ने बताया कि सभी शिवभक्त पहले सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाएंगे। इसके बाद नागेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। यात्रा पूरी कर सोमवार सुबह पैदल चलकर जाना बाजार स्थित शिवालय में जल चढ़ाकर व्रत का समापन होगा।
जत्थे में सुभाष तिवारी के साथ रामजी मोदनवाल, कन्हैया लाल समेत सैकड़ों कांवरिया शामिल हैं।यात्रा के समापन पर सोमवार को जाना बाजार शिवालय परिसर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसकी अगुवाई अनुराग सोनी, मनीष तिवारी और जयप्रकाश पांडेय करेंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकी इंचार्ज श्रीपति मौर्य के नेतृत्व में कांस्टेबल जयप्रकाश यादव, कुंवर पाल और सोनू सहित पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली। भक्ति, अनुशासन और उल्लास के संग निकली यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र में आस्था का प्रतीक बन गई।

