Ayodhya News: केरल के दल ने राम लला के दरबार में की परंपरागत पंचवाद्यम उपासना

Spread the love

Ayodhya News: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में केरल के 25 सदस्यीय सांस्कृतिक दल ने पारंपरिक पंचवाद्यम से रामलला की उपासना की

श्रावण माह में विभिन्न मठ मंदिरों में देशी लोककलाओं से जुड़े विशेष धार्मिक आयोजन जारी हैं।

अयोध्या। केरल से आए सांस्कृतिक कलाकारों के एक 25 सदस्यीय दल ने शुक्रवार को श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में परंपरागत पंचवाद्यम से उपासना की।

श्रावण माह में जहां एक ओर रामनगरी के विभिन्न मठ मंदिरों में विराजमान रामलला को कजरी और अन्य पारंपरिक लोकगीत का श्रवण कराया जा रहा है। वहीं राममंदिर परिसर में देश के विभिन्न प्रांतों के पारंपरिक लोककला और सुर साधना से उपासना और साधना का क्रम जारी है। शुक्रवार को केरल के दल की ओर से पंचवाद्यम उपासना का मधुरस्वरलहरी के साथ कर्णप्रिय प्रदर्शन किया। स्वप्रेरणा से आए इस दल ने पहले से ही अपने कार्यक्रम के लिए अनुमति ले ली थी।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र संवाद केन्द्र अयोध्या धाम की ओर से बताया गया कि तीर्थ क्षेत्र की ओर से ऐसे आयोजनों के प्रभारी शैलेन्द्र शुक्ल के मुताबिक मनोज नारायण, सुरेश व शिवा कुमार की देखरेख में इस दल ने पंचवाद्यम उपासना के उपरांत प्रभु श्रीराम समेत मन्दिर परिसर में प्रतिष्ठित सभी देवी देवताओं का दर्शन पूजन किया। श्रीराम निवास में सभी केरलम वासियों के भोजन प्रसाद की व्यवस्था विवेक जी द्वारा की गई।

केरल में है पंचवाद्यम बजाने की परम्परा

विदित हो कि केरलम में मन्दिरों अथवा धार्मिक आयोजनों में पंचवाद्यम बजाने की परम्परागत रीति है। इसे आराध्य की उपासना का महत्वपूर्ण विधि माना जाता है।


Spread the love

Related posts