साइबर सुरक्षा: सावधान, सरकारी योजना के नाम पर गर्भवती महिलाओं को निशाना बना रहे साइबर ठग…!

Spread the love

साइबर सुरक्षा: सावधान, सरकारी योजना के नाम पर गर्भवती महिलाओं को निशाना बना रहे साइबर ठग

गर्भवती महिलाओं को सरकारी योजना के नाम पर साइबर ठगी का खतरा, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

अयोध्या। गर्भवती महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले जालसाजों से सावधान रहने के लिए कोतवाली बीकापुर पुलिस ने लोगों को सचेत किया है।

प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडे ने आशा बहुओं, नर्सों, संबंधित अधिकारियों और आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग गर्भवती महिलाओं की व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर फोन कर रहे हैं।

कई मामलों में आशा बहू या नर्स को भी कॉन्फ्रेंस कॉल में जोड़कर भरोसा दिलाने का प्रयास किया जाता है। इसके बाद विभिन्न बहानों से धनराशि जमा कराने, ओटीपी बताने, बैंक संबंधी जानकारी देने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है।

प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडे ने बताया कि इस तरह के साइबर फ्रॉड के मामले पूर्व में कोतवाली नगर, कोतवाली बीकापुर, साइबर थाना सहित अन्य जनपदों में भी सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक विवरण, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी कतई न दें।

उन्होंने लोगों से संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी भी योजना के नाम पर पैसा जमा करने या भुगतान करने से पहले संबंधित विभाग से सत्यापन करने की अपील की। साइबर ठगी का शिकार होने या संदिग्ध कॉल प्राप्त होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस/साइबर थाने को सूचना देने की अपील की गई है।

प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पाण्डेय ने सभी पत्रकार बंधुओं से भी इस साइबर सुरक्षा संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर जागरूकता फैलाने का अनुरोध किया है।


Spread the love

Related posts