
Sports News : बालक बालिका टीम में शामिल रहे अयोध्या के 11 खिलाड़ी
अयोध्या। राजस्थान के जयपुर में 28 से 31 जुलाई तक आयोजित ऑल इंडिया टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों का खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश ने लगातार सातवीं बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत में अयोध्या की 11 खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तर प्रदेश की बालिका टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के खिलाफ जीत के साथ की। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 10 ओवर में 65 रन बनाए। जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 45 रन ही बना सकी। इसके बाद उत्तर प्रदेश ने लीग चरण में दिल्ली, झारखंड और कर्नाटक को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश का मुकाबला पुडुचेरी से हुआ। पुडुचेरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 56 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने महज 5.3 ओवर में जीत दिला दी। इस मैच में मुस्कान ने 25 और ऋषिका ने 20 रन की शानदार पारी खेली।
सेमीफाइनल में मेजबान राजस्थान के खिलाफ उत्तर प्रदेश ने पहले गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को 10 ओवर में 56 रन पर रोक दिया। गेंदबाजी में ऋषिका ने 2, नंदिनी ने 2, नीलम ने 2 और शालिनी ने 1 विकेट लिया। इसके बाद उत्तर प्रदेश ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
तमिलनाडु से हुआ फाइनल मुकाबला
फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश का सामना तमिलनाडु से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश ने एक विकेट के नुकसान पर 10 ओवर में 86 रन बनाए। नेहा ने 40, विधि ने 20 और मुस्कान ने 10 रन का योगदान दिया। जवाब में तमिलनाडु की टीम 56 रन ही बना सकी और उत्तर प्रदेश ने 30 रन से जीत दर्ज करते हुए लगातार सातवीं बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजय हासिल करने वाली टीम
उत्तर प्रदेश टीम में अयोध्या की ऋषिका, मुस्कान, नीलम, विधि, शालिनी, दिव्यानी, नंदिनी, शाम्भवी, छवि, राशिका और प्रीति शामिल रहीं। इनके अलावा आयुषी (वाराणसी), रागिनी (गोरखपुर), रिद्धि (कानपुर), शीतल (आगरा) और प्रीति (झांसी) ने भी टीम का प्रतिनिधित्व किया।
खिलाड़ियों को मिली बधाइयां
इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के सचिव इमरान अहमद लारी, उपाध्यक्ष तौसीफ अहमद लारी, संयुक्त सचिव एवं टीम के कोच रामेंद्र सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या येगेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक पवन तिवारी, मंडलीय विद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह, जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष डॉ. संजय तिवारी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या कुसुम लता, जिला ओलंपिक संघ के सचिव परमेंद्र सिंह, जिला तलवारबाजी संघ के सचिव बिजेंद्र सिंह, कैंब्रियन स्कूल के प्रधानाचार्य जयंत बोस, जिला विद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव अभिषेक सिंह, माला यादव, अनुज कुमार एवं विशाल सिंह सहित अनेक खेल पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
