
सीएम योगी का अयोध्या दौरा: भदरसा अब भरतनगर भरतकुंड जबकि मां ज्वाला देवी के नाम से होगी नगर पंचायत खिरौनी की पहचान-सीएम योगी सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोहावल में आयोजित जनसभा के दौरान भदरसा व खिरौनी नगर पंचायत का नाम बदलने की घोषणा की
सीएम योगी ने पूर्व मंत्री स्व. मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का किया अनावरण व 217 परियोजनाओं का भी किया लोकार्पण व शिलान्यास
अयोध्या। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की योगी सरकार ने प्रदेश में विकास की रफ्तार को तेज कर दिया है, इसी कड़ी में शनिवार को जनपद की सोहावल विकासखंड में पहुंचे सीएम योगी ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की 432 करोड़ से अधिक की 217 परियोजनों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान सीएम योगी ने दो नगर पंचायतों का नाम बदलने की घोषणा कर दी। सीएम योगी ने कहा भदरसा अब भरतनगर, भरतकुंड के नाम से जबकि सुचितगंज की खिरौनी नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी के नाम से जानी जाएगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को जनपद के सोहावल विकासखंड में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री रहे स्व. मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का भी अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उपेक्षित रही अयोध्या की सूरत और सीरत भाजपा की डबल इंजन की सरकार में बदलती जा रही है, अब न केवल अयोध्या का ही विकास हो रहा है बल्कि उसके आस पास की विधानसभाओं का भी चहुंमुखी विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, स्वच्छ सरयू का घाट, राम की पैड़ी पर अनवरत बहती पवित्र सरयू की जलधारा, साफ और स्वच्छ सड़कें इसका जीवन्त उदाहरण है। आज अयोध्या में लाखों श्रद्धालु आते और दर्शन पूजन के रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या का वैभव चरम पर दिखाई दे रहा है, क्योंकि अब अयोध्या को विकास की एक नई पहचान मिली है।
आस्था की बात करने वाले… हनुमानगढ़ी पर पढ़वाते थे नमाज… क्यों किया महापाप…. ?
सोहावल विकासखंड में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर भी जमकर बरसे और विपक्ष से कुछ सवाल भी किया।
उन्होंने कहा कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं जिन्होंने अयोध्या में हमारे पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज़ पढ़वाने का काम किया था। आप सोचिए, क्या कोई जामा मस्ज़िद में कभी हनुमान चालीसा का पाठ कर पायेगा?क्या सरकारें करवा पाएगी? क्या कांग्रेस और समाजवादी पार्टी करवा पाएगी? अगर नही करवा पाएगी तो ये पाप क्यों करवाया गया था?
नीति स्पष्ट हो तो नियंता भी करता है सहयोग : योगी
सीएम योगी ने कहा कि यदि मंशा साफ हो तो कार्य भी अपने आप होने लगते हैं, और अगर नीति स्पष्ट हो तो नियंता अपने आप सहयोग करता है। जो आज अयोध्या दिखाई देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा और पवनसुत हनुमान जी का असीम आशीर्वाद भी जब प्राप्त होता है तो अयोध्या के सारे काम अपने आप बढ़ते दिखाई देते हैं। कोई सोचता था, अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन पाएगा। पहले यही समाजवादी पार्टी के लोग विरोध करते थे, एयरपोर्ट के नाम पर गुमराह करते थे। लेकिन आज जब एयरपोर्ट बनकर तैयार हुआ तो अयोध्या यातायात कनेक्टिविटी बहुत आगे हो गई है। आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सभी प्रमुख शहरों के साथ जुड़ चुका है।
उन्होंने कहा आज अयोध्या का जो विरोध कांग्रेस, समाजवादी पार्टी के लोग इसलिए कर रहे है कि वो नही कर पाए थे। उन्हें बुरा लग रहा है कि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि के नाम पर क्यो हो गया?अयोध्या में रैन बसेरा निषादराज गुह के नाम पर हो गया। मगर भाजपा की डबल इंजन की सरकार में ऐसा हो पाया है।
उन्होंने कहा कि हमने तो यहां किया ही साथ ही श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा बनवा कर रखा है, जिसको वक़्फ़ के नाम पर कब्जा करवाया जा रहा था। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आई, भगवान राम का भव्य मंदिर का निर्माण हो गया,कोई रोक नही पाया।

