
Entertainment News: दर्शन के बाद बोले अनुपम खेर “चोरी से मंदिर की गरिमा कम नहीं होती”
अयोध्या। फिल्म अभिनेता अनुपम खेर अपनी आनेवाली फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले रामलला और हनुमान जी के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राम मंदिर में दान की चोरी के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी।
अनुपम खेर ने कहा कि “चोर हर जगह मिल सकते हैं, लेकिन इससे किसी मंदिर की गरिमा, पवित्रता और सम्मान कम नहीं हो जाता। जिस राम मंदिर के निर्माण में 500 वर्षों का संघर्ष लगा, उसकी प्रतिष्ठा कुछ लोगों की गलत हरकतों से प्रभावित नहीं हो सकती।”
उन्होंने चोरी की घटना की तुलना घर में होने वाली चोरी से करते हुए कहा कि “अगर आपके घर में चोरी होती है तो आप चोर को दोषी ठहराते हैं, घर को नहीं। ठीक उसी तरह राम मंदिर में हुई चोरी के लिए दोषी व्यक्ति हैं, मंदिर नहीं। पूरे हिंदू समाज और हमारे अपने लोगों को भी इस बात को समझना चाहिए।”
दान की भावना पर बात करते हुए अनुपम खेर ने कहा कि श्रद्धालु भगवान को दान किसी सौदे या रिश्वत के रूप में नहीं देते। उन्होंने कहा, “लोग भगवान को दान इसलिए देते हैं क्योंकि उनकी आस्था होती है। वे यह सोचकर दान नहीं करते कि बदले में भगवान स्वयं उस धन की सुरक्षा करेंगे।
अभिनेता ने कहा कि आस्था और विश्वास किसी भी घटना से कमजोर नहीं होने चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर की पवित्रता और भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा बनाए रखने की अपील की।
अयोध्या दौरे के दौरान अनुपम खेर ने बताया कि वह अपनी नई फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में आए हैं और शूटिंग शुरू करने से पहले रामलला के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक अनुभव है।

