
रास्ते का विवाद: खूनी संघर्ष में आठ घायल, तीन की हालत गंभीर
बीकापुर, अयोध्या। कोतवाली क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी – डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने तीन हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मरुई सहाय सिंह गांव के मजरा डिहवा निवासी जगदीश प्रसाद यादव और प्रेम कुमार यादव के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
मारपीट में एक पक्ष से अजय कुमार (28) पुत्र जगदीश प्रसाद, सुनीता देवी (51) पत्नी जगदीश प्रसाद, जगदीश प्रसाद पुत्र सुखन तथा संजय कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से प्रेम कुमार यादव पुत्र जयराम यादव, अपिल कुमार यादव पुत्र जयराम यादव, अनीता देवी पत्नी अपिल कुमार तथा अर्पणा पुत्री बब्बन घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार रास्ते का यह विवाद लंबे समय से चला आ रहा था और कई बार यह मामला प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाया गया था। समय रहते समाधान न होने के कारण मामला हिंसक टकराव तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

