
अयोध्या। लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत हो गई। मृतक आपस में साढ़ू भाई थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पटरंगा थाना क्षेत्र के कटघरा गांव निवासी राम प्रकाश रावत (45) पुत्र गुरु प्रसाद इसी थाना क्षेत्र के अघावननगर निवासी अपने साढ़ू चंदे (40) पुत्र छेददन के साथ मोटरसाइकिल से किसी काम से जा रहे थे। लखनऊ हाईवे पर गनौली गांव के समीप हाईवे से गुजर रहे किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी और मौके से भाग निकली। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों अपनी बाइक समेत सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की जानकारी पर स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजवाया। अस्पताल लाए जाने के बाद इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया। साथ ही पोस्टमार्टम के लिए मेमो रुदौली कोतवाली पुलिस को भिजवाया है।
हादसे की जानकारी पर रुदौली विधायक रामचन्द्र यादव ने सीएचसी पहुंच शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी। हादसे के बाद दोनों मृतकों के गांव और परिवार में शोक व्याप्त है।
हाइवे चौकी प्रभारी राज कुमार ने बताया कि हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजवाया गया,लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही दोनों की मौत हो गई। अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान में जुटी है।

