
Sharad Purnima 2026: श्रृंगी ऋषि आश्रम में उमड़े श्रद्धालु, सरयू नदी में लगाई आस्था की डुबकी
गोसाईंगंज, अयोध्या। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रृंगी ऋषि आश्रम पर स्थित पुण्यसलिला सरयू नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओ का तांता लगा रहा।स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने आश्रम पर स्थित मंदिरों में पूजन अर्चन किया व श्रृंगी ऋषि बाबा, माता शांता की पिंडी पर मत्था टेक करके अपने परिवार की सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

श्रृंगी ऋषि धाम के महंत महेंद्र गिरी महाराज ने बताया कि शरद पूर्णिमा का पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व बहुत ही उत्तम है। इस अवसर पर सरयू में स्नान करने से भक्तों के जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट हो जाते हैं और उन्हें पुण्य फल प्राप्त होता है। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं ने सरयू महारानी,श्रृंगी ऋषि बाबा और मां शांता की जयजयकारों के साथ स्नान प्रारंभ किया ,जिससे पूरा आश्रम गुंजायमान हो उठा।इस अवसर पर महबूबगंज पुलिस चौकी प्रभारी अपने दल बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।
