
UP MLC Election 2026: केशव मौर्य ने सभी 11 सीटें जीतने का किया दावा, सपा पर साधा निशाना
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अयोध्या पहुंचे। यहां से वह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की दिवंगत मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए बस्ती रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने विधान परिषद चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया।
विधान परिषद की सभी 11 सीटें जीतने का दावा
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा और भाजपा को बड़ी सफलता मिलेगी।
2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा
उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और आगामी चुनाव में पार्टी को भारी जनसमर्थन मिलेगा।
सपा के अहंकार पर केशव मौर्य का हमला
केशव मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में अयोध्या समेत कुछ सीटों पर जीत हासिल करने के बाद समाजवादी पार्टी में अहंकार आ गया था। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में सपा का यह अहंकार चूर-चूर हो जाएगा।
अखिलेश यादव के बयान पर किया पलटवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रामराज्य संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नकली समाजवाद का चोला पहनकर जनता को गुमराह कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने सपा पर अपराधियों, माफियाओं और दंगाइयों को संरक्षण देने के साथ ही जमीनों पर कब्जे कराने का भी आरोप लगाया। वर्ष 2012 से 2017 तक रही अखिलेश यादव सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी और प्रदेश में सुशासन कायम रहेगा।
