
Health Services Review: जीरो डोज बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश, टीबी मरीजों का समय से उपचार और संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर दिया जोर
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सालयों के अधीक्षक और विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने आगामी 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्टूबर तक प्रस्तावित दस्तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और जनसहभागिता के साथ अभियान की नियमित समीक्षा करने को कहा।
जीरो डोज बच्चों के टीकाकरण पर जोर
नियमित टीकाकरण की समीक्षा के दौरान डीएम ने 0 से 2 वर्ष तक के बच्चों की अपडेटेड ड्यू लिस्ट तैयार करने और जीरो डोज बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। खंडासा, हैरिंगटनगंज और अर्बन क्षेत्र में जीरो डोज बच्चों की संख्या अधिक मिलने पर विशेष अभियान चलाने को कहा गया। मिस्ड टीकाकरण सत्रों का समय से आयोजन और आशाओं की क्लस्टर बैठकों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
टीबी मरीजों का समय से उपचार कराने के निर्देश
100 डेज टीबी खोजी अभियान के तहत चिन्हित सक्रिय क्षय रोगियों का तत्काल उपचार शुरू कराने पर जोर दिया गया। डीएम ने टीबी नियंत्रण अभियान को और प्रभावी बनाने तथा मरीजों को निश्चय पोर्टल के माध्यम से डीबीटी का भुगतान समय से कराने के निर्देश दिए।
संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश
संस्थागत प्रसव की समीक्षा में हैरिंगटनगंज, तारून और पूरा बाजार में विशेष प्रयास करने को कहा गया। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों के लंबित भुगतान को तत्काल कराने के निर्देश दिए गए। ई-कवच के माध्यम से गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, एएनसी जांच और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय से पहचान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
आयुष्मान और एचपीवी टीकाकरण की भी समीक्षा
आयुष्मान भारत योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। जहां आयुष्मान मित्र कार्य नहीं कर रहे हैं, वहां प्रशिक्षित डाटा ऑपरेटरों से कार्य लेने को कहा गया। बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण में कम कवरेज वाले क्षेत्रों, विशेषकर रुदौली ब्लॉक में, गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बीकापुर, रुदौली और सोहावल में शैय्या उपयोगिता में कमी की भी समीक्षा की गई। हैरिंगटनगंज, मसौधा और तारून में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं और सर्जरी को बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचना प्राथमिकता होनी चाहिए।
