जमीन विवाद: बैनामे को लेकर महिला से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, तीन के खिलाफ केस दर्ज

Spread the love

जमीन विवाद: बैनामे को लेकर महिला से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, तीन के खिलाफ केस दर्ज

तारुन, अयोध्या। थाना क्षेत्र के ग्राम महरई मोहम्मदपुर में जमीन के बैनामे को लेकर एक पक्ष द्वारा महिला से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महरई मोहम्मदपुर निवासी राधेश्याम मिश्रा पुत्र रामबहाल मिश्रा ने तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपने घर के सामने गाटा संख्या 630 में 69 एयर जमीन जय प्रकाश सिंह से दिनांक 5 अगस्त 2026 को बैनामा कराया था, और कब्जा ले लिया था। दिनांक 1 सितंबर 2026 को उन्होंने जेसीबी से जमीन की साफ-सफाई कराई और आवश्यक कार्य से दिल्ली चले गए।

आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति में 2 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे विपक्षीगण ध्यान प्रताप सिंह पुत्र स्व. ओम प्रकाश, सत्य प्रकाश पुत्र स्व. भगवान बक्श सिंह जो गाटा संख्या 630 में सह-खातेदार हैं, तथा उनके साथी निखिल सिंह पुत्र अशोक कुमार सिंह निवासीगण महरई मोहम्मदपुर उनके घर पर आए। उन्होंने उनकी पत्नी शकुंतला देवी व बहू अंशिका मिश्रा पत्नी प्रदीप कुमार मिश्रा को यह कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी कि तुमने बिना हमसे पूछे जमीन बैनामा कराने की हिम्मत कैसे की। शोर-गुल सुनकर गांव के कई लोग मौके पर एकत्र हो गए तो तीनों लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।

दिल्ली से वापस आने पर घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी लालचंद्र सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर ध्यान प्रताप सिंह, सत्य प्रकाश सिंह व निखिल सिंह के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।


Spread the love

Related posts