रौनाही टोल प्लाजा पर फायरिंग: बिना नंबर की थार सवार ने चलाई गोली, युवक गंभीर

Spread the love

टोल प्लाजा पर फायरिंग: बिना नंबर की थार सवार ने चलाई गोली, युवक गंभीर

अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र स्थित रौनाही टोल प्लाजा पर बुधवार देर रात टोल टैक्स के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग हुई। बिना नंबर की थार सवार युवकों और स्थानीय युवक के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चलने से रौनाही थाना क्षेत्र के बरिया टोला रौनाही गांव निवासी 24 वर्षीय मो सुफियान पुत्र मुख्तार खान घायल हो गया। गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे समुचित इलाज के लिए हायर रेफर किया है।

बताया गया कि रात करीब दो बजे बिना नंबर की थार से टोल प्लाजा पहुंचे कुछ युवकों का टोल टैक्स के भुगतान को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा तो थार सवार युवक ने फायरिंग कर दी। गोली रौनाही गांव के बरिया टोला निवासी मो सुफियान को लगी। घटना के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई।

टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना रौनाही पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की प्राथमिक पड़ताल की। इसके बाद भतीजे जैनुल आब्दीन की मदद से घायल मो सुफियान को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देख इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसको समुचित उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

रौनाही थानाध्यक्ष रतन शर्मा का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौका मुआयना किया गया है। जिला अस्पताल पहुंच घायल युवक तथा उसके परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली गई है। पुलिस टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। घटना में शामिल थार वाहन और आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। पुलिस ने घायल युवक के भाई शादाब की शिकायत पर जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट पंजीकृत की है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और फायरिंग किसने की।

ढाबे पर चाय पीने आया था सूफियान 

बताया गया कि गोली का शिकार हुआ युवक सूफियान रात में तहसीनपुर स्थित टोल प्लाजा पर चाय पीने के लिए आया था। विवाद के दौरान काली थार सवार एक युवक ने तीन राउंड फायरिंग की। मौके से पुलिस को दो खोखा मिला है। विवाद के दौरान फायरिंग में सूफियान गोली की चपेट में आ गया। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है और विवाद में शामिल चेहरों की पहचान में जुटी है।

पहले भी विवादों में रहा है रौनाही टोल प्लाजा

रौनाही स्थित तहसीनपुर टोल प्लाजा पर इससे पहले भी टोल टैक्स को लेकर विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2016 में भी टोलकर्मी को गोली मारे जाने की घटना सामने आई थी, जबकि वर्ष 2021 में टोल टैक्स को लेकर वाहन सवारों और टोलकर्मियों के बीच विवाद व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज होने की खबर सामने आई थी।


Spread the love

Related posts