
ईमानदारी की मिसाल: राममंदिर के सेवादार ने बीस लाख कीमत की हीराजड़ित सोने की चेन लौटाई
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु की करीब 20 लाख रुपये कीमत की हीरायुक्त सोने की चेन सड़क पर गिरी मिली। श्रीराम मंदिर के सेवादार ध्रुवेश मिश्रा ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए चेन के असली मालिक की तलाश कर उसे सुरक्षित वापस सौंप दिया।
ध्रुवेश मिश्रा श्रीराम मंदिर में सेवा कार्य करते हैं। बीते दिवस अमावा मंदिर के समीप हनुमानगढ़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर उन्हें हीरायुक्त सोने की चेन पड़ी मिली। चेन मिलने के बाद उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय पीएफसी कार्यालय पहुंचकर उद्घोषणा कराई, ताकि चेन के वास्तविक मालिक तक पहुंचा जा सके।
उद्घोषणा के बाद मुजफ्फरनगर की रहने वाली श्रद्धालु निर्मला देवी पत्नी स्वर्गीय मोहन कुमार सामने आईं। निर्मला देवी गंगाराम पुरा, मुजफ्फरनगर की निवासी हैं। उन्होंने चेन के संबंध में जानकारी दी। पुलिसकर्मियों द्वारा आवश्यक पूछताछ और संतुष्टि के बाद चेन उन्हें सौंप दी गई।
चेन वापस मिलने पर निर्मला देवी ने सेवादार ध्रुवेश मिश्रा का आभार जताया। उन्होंने बताया कि यह चेन उनके स्वर्गीय पति द्वारा उन्हें निशानी के तौर पर दी गई थी। इसलिए उनके लिए इस चेन का भावनात्मक महत्व उसकी कीमत से कहीं अधिक है।
करीब 20 लाख रुपये मूल्य की चेन मिलने के बाद भी उसे अपने पास न रखकर उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने वाले ध्रुवेश मिश्रा की ईमानदारी और संवेदनशीलता की लोग सराहना कर रहे हैं। श्रद्धालु ने चेन वापस मिलने पर उन्हें आशीर्वाद दिया और उनका धन्यवाद किया।
