
Ayodhya News : पुलिस कर रही मामले की जांच, परिजनों से पूछताछ और अन्य पहलुओं की भी कर रही पड़ताल
अयोध्या। जिलाधिकारी अयोध्या के अर्दली 48 वर्षीय रमेश यादव ने रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। फिलहाल रमेश यादव की ओर से जहरीला पदार्थ खाने के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। चर्चा है कि उसने घर में रखे सलफास का सेवन कर लिया था। रविवार की देर रात हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
चिकित्सकों के अनुसार, मरीज की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
