
तीन तलाक मामला: सऊदी अरब से व्हाट्सएप कॉल पर तीन तलाक, नवविवाहिता ने की पुलिस से कार्रवाई की मांग, जांच शुरू
मिल्कीपुर/अयोध्या। जिले के इनायतनगर कोतवाली क्षेत्र की एक नवविवाहिता ने अपने पति पर सऊदी अरब के मक्का से व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मंगलवार को पुलिस को तहरीर देकर मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम तरौली निवासी खुशबू बानो उर्फ आयशा ने बताया कि उनका निकाह 15 जून 2025 को जिले के बाबा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम गौरमऊ निवासी अब्दुल्ला पुत्र वसीम के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के बाद वह ससुराल चली गई। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति और ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, मायके पक्ष ने शादी में करीब 8 लाख रुपये खर्च किए थे, इसके बावजूद दहेज की मांगें जारी रहीं और उसे मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
तहरीर में बताया गया है कि 6 अक्टूबर 2025 को पति अब्दुल्ला अपने भाई के साथ रोजगार के लिए सऊदी अरब चला गया। इसके बाद सास, ससुर, देवर और जेठानी ने दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके एक हाथ की उंगली भी टूट गई, जिसका इलाज उसने पिता के साथ दिल्ली में कराया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष ने उसके जेवर और कीमती कपड़े भी अपने पास रख लिए हैं।
पीड़िता के मुताबिक, 21 जून 2026 को शाम करीब 4 बजे उसके पिता के मोबाइल पर व्हाट्सएप वीडियो कॉल आई। बातचीत के दौरान पति ने मक्का से “तलाक, तलाक, तलाक” कहकर उसे तलाक दे दिया। पीड़िता का कहना है कि इस कॉल की रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल में सुरक्षित है। अयोध्या पुलिस ने कार्यवाही करने का पीडिता को भरोसा दिलाया है ।
