
राम मंदिर चढ़ावा विवाद: राम मंदिर राजनीति नहीं बल्कि आस्था का विषय-राधेश्याम त्यागी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर बोले भाजपा जिलाध्यक्ष, कहा – जांच चल रही है, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे में ही चोरी के बाद लगातार उठ रहे सवालों के बीच पहली बार भाजपा के जिला संगठन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। शहर के सर्किट हाउस में शनिवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने खुलकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर राजनीति का विषय नहीं है बल्कि आस्था का विषय है, राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी से सभी आहत है, हालांकि मामले की जांच एसआईटी कर रही है, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
राधेश्याम त्यागी ने कहा कि विपक्ष शुरू से चाहता था कि राम मंदिर का निर्माण ही न हो, अब जब उनकी मंशा विफल हो गई और राम मंदिर का निर्माण हो चुका है, तो अब विपक्ष राजनीति कर रहा है। उन्होंने दावा किया है कि राम मंदिर में चोरी प्रकरण में एसआईटी की जांच चल रही है, कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो लोग भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, इस बीच उन्होंने दावा किया है कि इस प्रकरण के बाद भी लोगों की आस्था न कमी नहीं आई है।
उन्होंने श्रद्धालुओं की संख्या घटने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राम मंदिर पहले भी, आज भी और भविष्य में भी आस्था का केंद्र रहेगा। प्रभु श्रीराम सबके हैं और दर्शन के लिए पहले भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते थे, आज भी आ रहे हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडे ‘बादल’ ने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आने से पहले किसी को स्वयंभू न्यायाधीश नहीं बनना चाहिए। प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडे ‘बादल’, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।

