
गोसाईंगंज, अयोध्या। सदर तहसील के संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंगलवार की देर शाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सलेमपुर, पिपरी, संग्राम एवं मूडाडीहा गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ के समय आने वाली कठिनाइयों की जानकारी लिया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट तथा एसडीएम सदर अरविंद कुमार के साथ मडना स्थित अत्याधुनिक बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश यादव ने बताया कि राहत केंद्र भवन में अभी तक ग्रिल नहीं लगाई गई है तथा बाउंड्री वॉल का निर्माण भी अधूरा है, जिससे सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ राहत केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
