
पानी भरते ही भरभराकर गिरी टंकी, एक युवक घायल
बीकापुर, अयोध्या। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माण और गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठ गए हैं। इस योजना के अंतर्गत बीकापुर विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत खेवली के इस्माइलपुर में करोड़ों रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी ट्रायल के दौरान ही भरभराकर गिर गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार पूंहपी-खेवली ग्राम सभा में जल जीवन मिशन के तहत करीब 3 करोड़ 22 लाख 88 हजार रुपये की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। टंकी का निर्माण कार्य 21 जून 2023 से शुरू हुआ था और वर्ष 2025 में इसके पूर्ण होने की उम्मीद जताई गई थी। योजना के तहत इस परियोजना से चार ग्राम सभाओं में पेयजल आपूर्ति की जानी थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि 14 मई को पहली बार टंकी में पानी भरने के लिए ट्रायल शुरू किया गया। ऑपरेटर द्वारा सप्लाई चालू की गई और जैसे टंकी में पानी पहुंचा और टंकी भरने लगी, तभी अचानक पूरी संरचना भरभराकर गिर गई। टंकी गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में शिवम नामक युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
परियोजना की वितरण प्रणाली करीब 22,265 मीटर लंबी बताई जा रही है। लेकिन ट्रायल के पहले ही दिन टंकी के गिर जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यदायी संस्था की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि टंकी पानी का दबाव भी नहीं झेल सकी, तो यह सीधे तौर पर निर्माण में लापरवाही और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

