अमानीगंज-एनएच-28 मार्ग का कायाकल्प, 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्यसुहाना

Spread the love

अमानीगंज-एनएच-28 मार्ग का कायाकल्प, 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य

अयोध्या। जिले के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। सफ़र सुहाना होने जा रहा है। यहां अमानीगंज मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (वाया ऐहार–गौहन्ना–मीसा) 14.240 किलोमीटर तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का महत्वपूर्ण कार्य तेजी से प्रगति पर है। परियोजना की कुल लागत 2486.70 लाख रुपये बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क अवसंरचना को मजबूत बनाने के एजेंडे के तहत यह परियोजना स्वीकृत हुई है। अमानीगंज से राजमार्ग तक का यह 14.240 किलोमीटर लंबा मार्ग ग्रामीण अंचल को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार की जा रही परियोजना से स्थानीय किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।

कार्य के विवरण के अनुसार, अमानीगंज मार्ग से एनएच-28 (वाया ऐहार–गौहन्ना–मीसा) तक का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। परियोजना की लंबाई 14.240 किलोमीटर निर्धारित है। लोक निर्माण विभाग खंड 4 अधिशासी अभियन्ता शशि भूषण सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य ने अच्छी रफ्तार पकड़ ली है और इसे 15 दिसंबर तक पूर्ण कर लेने का लक्ष्य रखा गया है। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के लिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है। अभी तक 80 फ़ीसदी कार्य का पूरा हो चुका हैं।

जिला मुख्यालय तक पहुंचना हो जाएगा सहज

रुदौली विधानसभा क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास एजेंडे से रुदौली को नई गति मिल रही है और अमानीगंज मार्ग का कायाकल्प जारी है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि लंबे समय से प्रतीक्षित यह मार्ग सुधार कार्य पूरा होने के बाद अमानीगंज और आसपास के गांवों से जिला मुख्यालय तथा अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचना सहज हो जाएगा।


Spread the love

Related posts