
प्रसूता की मौत पर हंगामा: ऑपरेशन से बच्ची को जन्म देने वाली प्रसूता की लखनऊ मे इलाज के दौरान हुई मौत
आपरेशन मे लापरवाही का आरोप लगा मृतका के परिजनों ने शव रख अस्पताल पर काटा हंगामा
तारुन, अयोध्या। तारुन कस्बे के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बच्ची को जन्म देने वाली 26 वर्षीय प्रसूता की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव लेकर तारुन पहुंचे और निजी अस्पताल के संचालक पर ऑपरेशन व इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल के सामने हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। अस्पताल और थाने के सामने काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार तारुन सीएचसी क्षेत्र के गुरौली ग्राम पंचायत के मजरे सराय सागर निवासी विश्वास यादव अपनी 26 वर्षीय पत्नी अनुराधा यादव को प्रसव पीड़ा होने पर 21 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे तारुन बाजार स्थित निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे। जांच के बाद अस्पताल में शाम करीब 6:30 बजे अनुराधा का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया।
परिजनों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद अनुराधा की तबीयत बिगड़ने लगी। आरोप है कि इसके बावजूद अस्पताल में ही उनका इलाज जारी रखा गया। मृतका के पति विश्वास यादव का आरोप है कि 23 सितंबर को मरीज में खून की कमी बताकर उन्हें जिला अस्पताल से खून लाने के लिए भेजा गया, जबकि उनकी पत्नी को उनकी जानकारी के बिना दर्शननगर स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।
परिजनों का कहना है कि उसी दिन वहां से मरीज को डिस्चार्ज कराकर लखनऊ के लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें लखनऊ के नव बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां मरीज का डायलिसिस भी कराया गया। इसके बाद हालत में सुधार न होने पर अनुराधा को लखनऊ के चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
27 सितंबर की रात करीब 11 बजे चरक अस्पताल में इलाज के दौरान अनुराधा की मौत हो गई। परिजनों को अस्पताल की ओर से दी गई रिपोर्ट में किडनी फेल होने की बात बताई गई है।
सोमवार सुबह परिजन शव लेकर तारुन स्थित निजी अस्पताल पहुंचे और ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया।
थानाध्यक्ष लाल चंद सरोज ने बताया कि मृतका के पति विश्वास यादव की शिकायत पर शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

