गौ रक्षा धर्म यात्रा: राम मंदिर चढ़ावा मामले पर शंकराचार्य का बड़ा बयान, ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर उठाए सवाल

Spread the love

गौ रक्षा धर्म यात्रा: राम मंदिर चढ़ावा मामले पर शंकराचार्य का बड़ा बयान, ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर उठाए सवाल

अयोध्या पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर ट्रस्ट और सरकार पर साधा निशाना

अयोध्या। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की यात्रा अयोध्या पहुंची। जहां उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। शंकराचार्य ने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी और महासचिव चंपत राय को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए। वहीं उन्होंने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर चल रही अपनी जनजागरण यात्रा का भी उद्देश्य बताया।

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर ट्रस्ट और सरकार पर जमकर निशाना साधा।

शंकराचार्य ने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी को “निर्लज्ज” बताते हुए कहा कि जब कोष में चोरी हुई तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें स्वयं पद छोड़ देना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में गिरफ्तार किए गए लोग केवल “बलि का बकरा” बनाए गए हैं, जबकि वास्तविक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने यह भी दावा किया कि एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक होने की बात कही गई, लेकिन चंपत राय के कथित इस्तीफे को सार्वजनिक नहीं किया गया। शंकराचार्य ने कहा कि चंपत राय ने वास्तव में इस्तीफा नहीं दिया, बल्कि केवल इस्तीफे का प्रचार किया गया।

शंकराचार्य ने बताया कि उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज को गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूक करने के लिए निकाली जा रही है।

अयोध्या में उनकी यात्रा रुदौली से शुरू होकर मिल्कीपुर, बीकापुर, गोसाईगंज और अयोध्या विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।


Spread the love

Related posts