राशन वितरण गड़बड़ी: कम राशन देने और गबन के आरोपों की निष्पक्ष जांच व दोषी कोटेदार पर कार्रवाई की मांग

Spread the love

जिला पूर्ति अधिकारी मुलाकात करती सपा नेत्री सरोज यादव व अन्य
राशन वितरण गड़बड़ी: कम राशन देने और गबन के आरोपों की निष्पक्ष जांच व दोषी कोटेदार पर कार्रवाई की मांग
अयोध्या। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में कथित अनियमितता और राशन गबन के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष सरोज यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच कर दोषी कोटेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संबंधित कोटेदार लंबे समय से पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दे रहा है। कई परिवारों को बिना कारण राशन से वंचित किया गया, जबकि सरकारी अभिलेखों में पूर्ण वितरण दर्शाया जा रहा है। इससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न संकट का सामना करना पड़ रहा है।
सरोज यादव ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीबों की जीवनरेखा है। यदि इसमें भ्रष्टाचार और धांधली होगी तो सबसे अधिक नुकसान गरीब परिवारों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी पाए जाने पर कोटेदार का लाइसेंस निरस्त करने, एफआईआर दर्ज कराने तथा पात्र लाभार्थियों को उनका पूरा राशन दिलाने की मांग की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिकायत की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान अनीता, वीर माता, छोटका, रोहित, सुनील, अंसार लाले, राकेश मौर्य, बेचू निषाद, चरण निषाद, अमरजीत पासवान, प्रदीप मिश्रा, शेषनाथ सिंह, लालजी विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजवादी पार्टी महिला सभा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love

Related posts