
Job Fair 2026: युवाओं को मिला रोजगार का अवसर, टाटा मोटर्स और अशोक लेलैंड समेत कई कंपनियों ने लिया साक्षात्कार
अयोध्या। झुनझुनवाला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, अयोध्या में 24 अक्टूबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कॉलेजों के लगभग 356 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 209 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। रोजगार मेले का उद्घाटन संस्था की ट्रस्टी डॉ. मीनाक्षी मोदी और झुनझुनवाला इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक आशुतोष त्रिपाठी ने किया।

रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, श्याम एंड राज मोटर्स, बंसल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, सोलेक्सा, बालाजी इन्फ्राटेक, अशोक लेलैंड, जे.के. सीमेंट, एम.पी. बिरला, रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन, एसबीआई लाइफ और एचडीएफसी सहित कई कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता, तकनीकी कौशल और कार्यक्षमता के आधार पर चयन किया।
कंपनियों में अभ्यर्थियों का चयन
उपलब्ध कंपनीवार विवरण के अनुसार, टाटा मोटर्स में 37 में से 31, बंसल इंडस्ट्रीज में 35 में से 21, सोलेक्सा में 42 में से 27, बालाजी इन्फ्राटेक में 42 में से 22 और श्याम एंड राज मोटर्स में 35 में से 26 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वहीं, अशोक लेलैंड में 36 में से 15, जे.के. सीमेंट में 47 में से 19, एम.पी. बिरला में 38 में से 17, रामराज्य अयोध्या फाउंडेशन में 30 में से 26 और एसबीआई लाइफ में 14 में से पांच अभ्यर्थियों के चयन का विवरण प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
निदेशक आशुतोष त्रिपाठी ने चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संस्थान छात्र-छात्राओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं, रोजगार मेलों और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से प्रयास कर रही है। ऐसे आयोजन युवाओं और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्था की ट्रस्टी डॉ. मीनाक्षी मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोजगार मेले में आशुतोष त्रिपाठी ने कंपनियों के प्रतिनिधियों और अभ्यर्थियों का स्वागत किया। आयोजन की सफलता में अनूप गौर, गरुण मिश्रा, अम्बरीष श्रीवास्तव, अमर सिंह सहित संस्था के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
