सम्पूर्ण समाधान दिवस: शिकायतों पर डीएम का त्वरित एक्शन, चकमार्ग कब्जामुक्त, लेखपाल निलंबित

Spread the love

सांकेतिक फोटो

सम्पूर्ण समाधान दिवस: शिकायतों पर डीएम का त्वरित एक्शन, चकमार्ग कब्जामुक्त, लेखपाल निलंबित

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार विभिन्न तहसीलों में चकमार्ग, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे, रास्ते में अतिक्रमण, विद्युत तार और अवैध पानी के कनेक्शन से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।

चकमार्गों से हटाया गया कब्जा

तहसील सोहावल के ग्राम खिरौनी निवासी की शिकायत पर चकमार्ग की पैमाइश कराई गई। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर चकमार्ग की निशानदेही की, जिसके बाद नगर पंचायत खिरौनी की ओर से मिट्टी पटाई का कार्य कराया गया।

बीकापुर तहसील के ग्राम रूरूखास में पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जेदार को हटाया गया और आवेदिका को भूमि पर कब्जा-दखल दिलाया गया। वहीं कोरो राघवपुर में भूमि विवाद की शिकायत पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर भूमि की सीमा निर्धारित की गई और मौके पर खूंटा गड़वाया गया।

सदर तहसील के कादीपुर गांव में चकमार्ग पर मिट्टी पटाई कराई गई। बनबीरपुर में रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को नायब तहसीलदार और पुलिस टीम की मौजूदगी में हटवाकर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।

शिकायत सही मिलने पर लेखपाल निलंबित

बीकापुर क्षेत्र के सटकपुर गयासपुर निवासी की शिकायत पर जांच में सरकारी चकमार्ग पर कब्जे की पुष्टि हुई। अभिलेखों में भूमि चकमार्ग के रूप में दर्ज मिली। राजस्व टीम ने पैमाइश और निशानदेही कराई। शिकायत सही पाए जाने पर तत्कालीन लेखपाल गिरीश कुमार को निलंबित कर दिया गया। साथ ही चकमार्ग पर मिट्टी पटाई का कार्य शुरू कराया गया।

खपराडीह निवासी की शिकायत पर पछियाना गांव में नवीन परती की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई। राजस्व टीम ने मौके पर ट्रैक्टर से जुताई कराकर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।

विद्युत तार व्यवस्थित, अवैध पानी कनेक्शन काटा

सदर तहसील के नहरबाग क्षेत्र में खुले और लटकते विद्युत तारों की शिकायत पर विद्युत विभाग ने कार्रवाई की। तारों को व्यवस्थित करने के साथ पोल और एबीसी केबल लगाई गई। पुराने विद्युत पोल की ग्राउटिंग का कार्य भी पूरा कराया गया।

बछड़ा सुल्तानपुर निवासी की अवैध पानी के कनेक्शन की शिकायत पर नगर निगम के जलकल अनुभाग ने मौके पर जांच की और अवैध कनेक्शन काटकर शिकायत का निस्तारण किया।

बंजर भूमि से भी हटाया गया कब्जा

सहियौना गांव में चकमार्ग के सीमांकन की शिकायत पर राजस्व टीम ने पैमाइश कर निशानदेही कराई। काश्तकारों द्वारा जोत-बोकर किए गए अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को कब्जामुक्त कराया गया।

रामपुर पुआरी में बंजर भूमि पर पक्की दीवार बनाकर किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कराया गया। वहीं आंशिक हिस्से में बने आवासीय पक्के मकानों के संबंध में धारा-67 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

फतेहगंज में सार्वजनिक बंजर भूमि से आवागमन के रास्ते में अवरोध की शिकायत पर ग्रामीणों और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में रास्ता उपलब्ध कराया गया।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए


Spread the love

Related posts