+

NEET UG 2026: गोसाईगंज में नीट परीक्षा परिणाम से खुशी की लहर, अपेक्षा सिंह और अनिमेष गुप्ता ने बढ़ाया नगर का मान
गोसाईगंज अयोध्या।राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) का परिणाम घोषित होते ही शुक्रवार देर रात नगर एवं क्षेत्र के परीक्षार्थी अपने-अपने परिणाम देखने के लिए साइबर कैफे, लैपटॉप और कंप्यूटर केंद्रों पर जुट गए। परिणाम घोषित होने के साथ ही सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
कस्बे के पश्चिमी छोर निवासी संजय प्रताप सिंह की पुत्री अपेक्षा सिंह ने अपने पहले ही प्रयास में 584 अंक प्राप्त कर नीट परीक्षा उत्तीर्ण की। अपेक्षा ने ग्लोबल विजडम स्कूल, अंबेडकर नगर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद पहली बार घर से तैयारियां करते हुए प्रथम प्रयास में ही नीट में सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि पर पिता संजय प्रताप सिंह जिला पंचायत सुल्तानपुर में राजस्व निरीक्षक, माता आकांक्षा सिंह ग्रहणी है उनकी चाची शैल सिंह, जो गोसाईगंज सामुदायिक स्वा स्थ्य केंद्र में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं, ने भी अपेक्षा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं मेनरोड स्थित अनिमेष गुप्ता, जो होम्योपैथिक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के पुत्र हैं, ने नीट परीक्षा में 571 अंक प्राप्त कर एमबीबीएस में प्रवेश के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की है। अनिमेष ने यह सफलता दूसरे प्रयास में हासिल की। उन्होंने कोटा में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की थी। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों और मार्गदर्शकों को दिया।
नगर के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे गोसाईगंज क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सामाजिक, शैक्षिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
