
राम मंदिर प्रकरण: मैंने खुद किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण, अब नहीं होने पाएगी ऐसी पुनरावृत्ति: गोविंद देव गिरी
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर में व्यवस्था और बदलाव को लेकर नई रणनीति बनाने की कार्य योजना तैयार करने में जुट गया है, ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो। इसको लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने बताया कि उक्त प्रकरण और ट्रस्ट की बैठक के बाद मैंने खुद मंदिर में व्यवस्थाओं को देखा है, सारी चीजें अब सुरक्षा और व्यवस्था के मानक के अनुरूप होगी, जिससे कोई भी कमी न रह जाए। उन्होंने बताया कि जब मंदिर में सीईओ की नियुक्ति हो जाएगी तब व्यवस्था और बेहतर होगी और राम मंदिर का गौरव और उसकी भव्यता और दिव्यता पूरी दुनिया में फैलेगी।
चंपत राय से मिले ट्रस्ट कोषाध्यक्ष, ली स्वास्थ्य की जानकारी, साधु संतों से भी की मुलाकात
उन्होंने बताया कि चंपत राय के त्यागपत्र देने पर उन्होंने उनसे मुलाक़ात कर हालचाल जाना। बताया कि कल उनकी चंपत राय से अच्छी चर्चा हुई। उनका मुख्य मकसद स्वास्थ्य की जानकारी लेना था। चंपत राय पूरी तरह स्वस्थ और संतुष्ट हैं, इस्तीफे को लेकर उनके मन में कोई नाराजगी नहीं है।
उन्होंने कहा कि चंपत राय एक अनुभवी कार्यकर्ता हैं जिन्होंने पूरा जीवन भारत माता की सेवा में लगाया है। इसलिए वे ट्रस्ट की नई व्यवस्था का पूरा समर्थन करते हैं और उनके मन में कोई असंतोष नहीं है। स्वामी गोविंद देव गिरी ने बताया कि वे यहां के कुछ संतों से भी मिले। संत भी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के फैसलों से सहमत और संतुष्ट हैं। संतों ने पूजा-पाठ की प्रक्रिया और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में और सुधार की अपेक्षा जताई है।

