राम मंदिर चढ़ावा चोरी: दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा-देवेंद्र सिंह चौधरी

Spread the love

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी का स्वागत करते भाजपाई
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी, बोले- दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी का रविवार को प्रथम अयोध्या आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। उन्होंने सबसे पहले प्रभु श्रीरामलला के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा था, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
सहादतगंज बाईपास पर किसान मोर्चा के महानगर अध्यक्ष विशाल सिंह बाबा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं डेज़ी डिलाइट कैफे एंड रेस्टोरेंट में भी प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री रामबाबू द्विवेदी, प्रदेश मंत्री रामानंद कटियार, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ‘गप्पू’ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में देवेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अयोध्या आने का अवसर मिला है और प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त कर वह स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर भाजपा को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एसआईटी का गठन किया है। जांच निष्पक्ष ढंग से चल रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले कभी रामलला के दर्शन करने नहीं आए, वे अब केवल राजनीतिक उद्देश्य से अयोध्या पहुंचकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा अभी से चुनावी तैयारियों में जुट गया है और गांव-गांव तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है।इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष बंधु उपेंद्र सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता विनय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, दीपक पांडेय, सुभाष चतुर्वेदी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रवीण शंकर दुबे, सौरभ त्रिपाठी, जितेंद्र नाथ मिश्रा, मीडिया प्रभारी संजय यादव सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love

Related posts