जन चौपाल: पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, मरुई सहाय सिंह रेलवे फाटक-अंडरपास की उठी मांग

Spread the love

जन चौपाल: पूर्व सांसद ने रेल मंत्रालय और जिला प्रशासन के समक्ष प्राथमिकता से बात रखने का दिया आश्वासन 

बीकापुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘12 साल-विश्वास, विकास, कल्याण अभियान के तहत शनिवार देर शाम को बीकापुर नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडेय राना के आवास पर जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में राजस्व, खाद्य एवं रसद, समाज कल्याण तथा विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। लोगों ने पेंशन संबंधित शिकायत ,राशन कार्ड, विद्युत बिल और भूमि संबंधी समस्याएं पूर्व सांसद के समक्ष रखीं।

मरुई सहाय सिंह का रेलवे फाटक बना मुद्दा

चौपाल में मरुई सहाय सिंह गांव के ग्रामीणों ने रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। शिवकुमार यादव, सभापति पांडेय, सतीश पाठक, हरिनाथ दुबे, जयप्रकाश सहित एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने कहा कि फाटक बंद होने पर गांव से आने जाने में दिक्कत हो रही है। एंबुलेंस, स्कूली वाहन और किसानों की ट्रैक्टर-ट्राली को परेशानी होती है। कई बार दुर्घटना की स्थिति भी आ गई है।

पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस समस्या को रेल मंत्रालय और जिला प्रशासन के समक्ष प्राथमिकता से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुगम आवागमन सरकार की प्राथमिकता है।

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दिनेश वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडेय राणा, भाजपा नेता अनिल उपाध्याय, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुनील मिश्रा व वरिष्ठ नेता शिवकुमार सिंह उपस्थित रहे। नेताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, वृद्धा/दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से लाभ लेने की अपील की।

पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। जन चौपाल इसी उद्देश्य से लगाई जा रही हैं, ताकि जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके।

चौपाल में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडेय राणा ने सभी का आभार व्यक्त किया।


Spread the love

Related posts