पुलिस आरक्षी भर्ती: तीन दिवसीय परीक्षा की तैयारी पूरी, प्रशासन एलर्ट

Spread the love

पुलिस आरक्षी भर्ती: तीन दिवसीय परीक्षा की तैयारी पूरी, प्रशासन एलर्ट

मंडल के चार जिलों में देंगे 81 हजार अभ्यर्थी परीक्षा

अयोध्या। पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित पुलिस आरक्षी परीक्षा के लिए जनपद और परिक्षेत्र में तैयारी पूरी हो गई है। इस परीक्षा में मंडल के चार जिलों के लिए कुल 81033 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया गया है। भर्ती परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और बोर्ड के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन का आदेश दिया गया है।

परीक्षा की शुचिता को लेकर पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से प्रत्येक जिले के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र उनके आसपास के जनपदों तथा मंडलों में आवंटित किया गया है। महिला अभ्यर्थियों को बगल के जिला तथा पुरुष अभ्यर्थियों को बगल अथवा उसके पास के मंडल स्थित जिले में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है। साथ ही बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन,सीसीटीवी निगरानी के साथ अन्य एहतियाती व्यवस्था की गई है।

तीन दिनों तक दो दो पालियों में सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पहर 3 से 5 बजे के बीच आयोजित इस परीक्षा में अयोध्या जनपद के लिए बाराबंकी के 2298,बस्ती के 463,कुशीनगर के 2946 और गोरखपुर के कुल 14797 अर्थात कुल 20504 अभ्यर्थी आवंटित हुए हैं । वहीं परिक्षेत्र के अंबेडकरनगर जिले में आजमगढ़,बाराबंकी और गोरखपुर के कुल 16196, सुल्तानपुर में बाराबंकी, गोरखपुर, प्रतापगढ़ व श्रावस्ती के कुल 28378 तथा अमेठी जिले को बाराबंकी, बस्ती और गोरखपुर के कुल 15955 अभ्यर्थी आवंटित हुए हैं ।

शनिवार को परिक्षेत्र के डीआईजी सोमेन वर्मा ने बताया कि 8 जून से 10 जून तक आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। परिक्षेत्र के पांच जिलों में कुल 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में स्टेटिक मजिस्ट्रेट,पुलिस अधिकारी और बल के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।परीक्षा केंद्रों पर बिजली,पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का निरीक्षण किया गया है। परीक्षा की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कराई जाएगी।


Spread the love

Related posts