
जन समस्या, अयोध्या। समाजवादी पार्टी के महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने नगर क्षेत्र में जलभराव, जाम नालियों और बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर नगर आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश के बाद ही कई क्षेत्रों की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
सरोज यादव ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा सफाई अभियान चलाए जाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जिन क्षेत्रों में गंदगी और जलभराव की समस्या गंभीर है, वहां प्रभावी कार्य नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही मच्छरों के बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत कराई गई होती तो लोगों को ऐसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता। सपा जिलाध्यक्ष ने नगर आयुक्त से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, जाम नालियों की सफाई, टूटी सड़कों की मरम्मत तथा नियमित फॉगिंग कराने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी क्षेत्रवासियों के साथ जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान महिला सभा महासचिव डॉ. निशात अख्तर, कोषाध्यक्ष पूनम यादव, उपाध्यक्ष राजकुमारी कोरी तथा यशोमती कोरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

