सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष,  होंगे व्यापक जनकल्याणकारी कार्यक्रम

Spread the love

वृक्षारोपण एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सकुशल आयोजन की बैठक करते जिलाधिकारी

सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष: कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

अयोध्या। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में 5 जून से 21 जून तक ‘सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान के 12 वर्ष’ विषयक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

इसी को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, उपलब्धियों एवं आमजन के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

साथ ही निर्देश दिए कि कार्यक्रमों के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम प्लास्टिक मुक्त वातावरण में आयोजित किए जाएं तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे अधिकाधिक नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पांच जून को वृहद वृक्षारोपण अभियान

जिलाधिकारी ने वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत नगर निकायों, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेस-वे, नदियों एवं नहरों के किनारे व्यापक वृक्षारोपण कराया जाए तथा सिटी फॉरेस्ट विकसित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने पारंपरिक एवं फलदार प्रजातियों के पौधारोपण पर विशेष बल देते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आठ से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान

बैठक में निर्देश दिए गए कि आठ से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके अंतर्गत जनपद के प्रबुद्धजनों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाई जाए। साथ ही नागरिकों को स्वयं पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए।

जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का होगा आयोजन

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विकास खंड एवं नगर क्षेत्र मुख्यालयों पर जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना, अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी तथा लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारी इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करेंगे।

विकास प्रदर्शनी में प्रदर्शित होंगी सरकार की उपलब्धियां

जनपद स्तरीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में योग, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना विकास, आध्यात्मिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास, कानून-व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए परिवर्तन को प्रदर्शित किया जाएगा।

प्राकृतिक खेती एवं जल संरक्षण पर होंगे विशेष कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौ-आधारित प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, कम लागत एवं अधिक आय आधारित कृषि तकनीकों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएं तथा किसानों के साथ संवाद स्थापित किया जाए।

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं चैपाल कार्यक्रम

बैठक में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, एनसीसी, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान अवधि में रात्रि चौपालों का भी आयोजन होगा, जहां जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी जनता से संवाद कर समस्याएं सुनेंगे।


Spread the love

Related posts