
प्रयागराज हाईवे पर हादसों का कहर: अलग-अलग दुर्घटनाओं में छात्रा और महिला समेत तीन की मौत
बीकापुर, अयोध्या। कोतवाली क्षेत्र मंगलवार को सड़क दुर्घटनाओं के नाम रहा। अलग-अलग सड़क दुर्घटना में इंटर की छात्रा सहित तीन लोगों की मौत हो गई गई है।

पहली दुर्घटना जलालपुर शाहगंज मार्ग पर हुई। कोतवाली क्षेत्र के जानकीपुर लुत्फाबाद बछौली निवासी सारजेश 20 वर्ष और और उनके पड़ोसी शिव 17 वर्ष सोमवार देर शाम बाइक से कही जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें परिजनों द्वारा सीएचसी बीकापुर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद भारत गंभीर होने के चलते चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सरजेश की मौत हो गई। जबकि शिवा का उपचार अभी चल रहा है।

दूसरी सड़क दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे चौरे बाजार निधियावा मोड़ के पास प्रयागराज हाईवे पर हुई। साइकिल से स्कूल जा रही इंटर की छात्रा को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। चौरे बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र के परोमा मठिया गांव निवासी 17 वर्षीय चाहत उर्फ मुस्कान चौहान पुत्री अतर सिंह चौहान त्रिलोकी नाथ इंटर कॉलेज चौरे बाजार में कक्षा 11 की छात्रा है। बताया गया कि रोज की तरह वह मंगलवार को सुबह अपने गांव की एक अन्य छात्र के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी। जैसे ही वह प्रयागराज हाईवे पर चौरे बाजार के निधियांवा मोड़ के पास पहुंची तेज रफ्तार ट्रक ने चाहत की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौरे बाजार पुलिस चौकी प्रभारी बुद्धिमान सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर छात्रा चाहत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर भेजवाया जांच के बाद चिकित्सक एसके मौर्य ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल देवेंद्र पांडेय ने बताया कि दुर्घटना करने वाले चालक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतक छात्रा के पिता गुजरात में रहकर नौकरी करते हैं। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
तीसरी सड़क दुर्घटना मंगलवार दोपहर मंगारी गांव के समीप प्रयागराज हाईवे के किनारे संचालित एक ढाबे के पास हुई। कोतवाली क्षेत्र के परोमा मठिया निवासी 45 वर्षीय श्यामा देवी पत्नी शिवराम निषाद गांव के ही एक युवक के साथ बाइक पर कहीं जा रही थी। जैसे ही वह प्रयागराज हाईवे पर मंगारी के समीप पहुंची तेज रफ्तार दूसरी बाइक सवार युवक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में श्यामा देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद अज्ञात बाइक चालक बाइक सहित मौके से फरार ह गया। हादसे में घायल श्यामा देवी को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी बीकापुर लाया गया जांच के बाद चिकित्सक धर्मेंद्र रंजन ने मृत घोषित कर दिया और मेमो द्वारा सूचना कोतवाली भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ किया और पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल देवेंद्र पांडे ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

