Crime News: सस्ते में सोने-चांदी के जेवरात देने का झांसा देकर लूट, एक महिला समेत पांच गिरफ्तार

Spread the love

Crime News: सस्ते में सोने-चांदी के जेवरात देने का झांसा देकर लूट, एक महिला समेत पांच गिरफ्तार

अयोध्या। जनपद पुलिस ने नगर कोतवाली क्षेत्र में सस्ते में सोने चांदी के जेवरात देने का झांसा देकर हुई टप्पेबाजी और लूट की एक वारदात में एक महिला समेत पांच को गिरफ्तार किया है। इनके पास से असलहा और लूटी गई और रकम बरामद की है। सभी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।

पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा और स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की भोर 4.14 बजे रायबरेली रोड पर उसरू नहर के पास एम.बी. पब्लिक स्कूल के सामने से एक महिला समेत पांच लोगों को पकड़ा है।

पूछताछ में इन्होंने अपना नाम पता सूरज राय 24 वर्ष निवासी पयागपुर मसूदपुर चौराहा थाना पयागपुर जिला बहराइच, मोहन राय 45 वर्ष व करन राय 20 वर्ष निवासीगण बहादुरपुर थाना बसरेहर जनपद इटावा, राजू राय 20 वर्ष निवासी राजेपुर थाना दही चौकी जनपद उन्नाव और पिंकी देवी 55 वर्ष निवासी राजेपुर थाना दही जनपद उन्नाव बताया है। इनके पास से लूट की रकम समेत दो लाख पांच हजार रुपए,वारदात में प्रयुक्त दो तमन्चा व चार कारतूस बरामद हुआ है। सभी का दर्ज मुकदमें में बरामदगी की धारा बढ़ा चालान किया गया है।

खुदाई में मिले जेवरात का झांसा देकर मकबरा निवासी शख्स से की थी ठगी और लूट
टप्पेबाजों ने नगर कोतवाली के मकबरा निवासी एक दुकानदार को खुदाई में मिले चांदी के सिक्के,सोने की माला के दाने और अन्य जेवरात सस्ते में देने का झांसा दिया।

पीड़ित सराफ राम प्रसाद पाण्डेय का कहना है कि गुरुवार की रात करीब पौने दस बजे एक सूरज राय नामक शख्स उनकी दुकान पर आया।चांदी का सिक्का व सोने की माला के दाने दिखा पांच-छह लाख रूपये की तत्काल जरूरत बता पूरे जेवरात देने की बात कही। फोनकर रकम लेकर बुलाया और वह दो लाख रुपए लेकर पहुंचा तो वहां पर चार लोग मिले। सूरज ने रूपया अपने साथी मोहन और करन को देने को कहा और सारे जेवरात दिखाने की बात कही। शंका होने पर रुपया नहीं दिया और डिलेवरी दुकान पर लेने की बात कही। इसके बाद चारो दो लाख रूपया छीनकर भाग गये। प्रकरण में पुलिस ने टप्पेबाजी और लूट की रिपोर्ट दर्ज की थी।

पकड़े गये आरोपियों ने अलीगढ़ में भी टप्पेबाजी की बात कबूली। पुलिस का कहना है कि इन्होंने अलीगढ़ जनपद के क्वार्सी थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी की घटना कबूल की है। सूरज राय के खिलाफ लखनऊ में गैंगस्टर, धोखाधड़ी, हरदोई में आयुध अधिनियम व अलीगढ़ जनपद के क्वार्सी थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी की कुल चार मामले दर्ज मिले हैं। जबकि राजू राय, करन राय और पिंकी देवी अलीगढ़ जनपद के क्वार्सी थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी की वारदात में नामजद हुए हैं।


Spread the love

Related posts